Homeप्रदेशझारखण्डअभाविप प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी के प्रवास पर केकेएम कॉलेज में सफल...

अभाविप प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी के प्रवास पर केकेएम कॉलेज में सफल आंदोलन

छात्रों की मांगों के आगे झुका प्रशासन

पाकुड़ अपडेट : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी के पाकुड़ प्रवास के दौरान केकेएम महाविद्यालय में छात्र शक्ति की बड़ी जीत हुई। यूजी सेमेस्टर-5 (2022-26) के अंग्रेजी विषय की इंटर्नशिप परीक्षा के लिए प्राध्यापकों की अनुपस्थिति और कॉलेज प्रशासन की शिथिलता के विरोध में परिषद ने उग्र आंदोलन करते हुए महाविद्यालय में तालाबंदी कर दी। घंटों चले विरोध प्रदर्शन के बाद महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने छात्रों की समस्याओं पर संज्ञान लिया और उचित कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया, जिसके उपरांत आंदोलन समाप्त किया गया।

प्रवास के दौरान केकेएम महाविद्यालय इकाई के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया, जिसके पश्चात उन्होंने इकाई की विशेष बैठक लेकर संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया। आंदोलन को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा, “विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित परीक्षा तिथि के दिन कॉलेज से प्राध्यापकों का नदारद रहना यह दर्शाता है कि प्रशासन छात्रों के भविष्य के प्रति कितना उदासीन है। अभाविप ऐसी शैक्षणिक अराजकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी। आज की तालाबंदी एक चेतावनी है; यदि भविष्य में छात्र हितों के साथ ऐसा ही खिलवाड़ हुआ, तो परिषद पूरे प्रदेश में निर्णायक संघर्ष करेगी।” प्रवास के दौरान प्रकाश जी ने छात्रावास के विद्यार्थियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना और बी.एड विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. महबूब आलम को ‘जनजातीय जुटान 2.0’ की स्मारिका भेंट कर शैक्षणिक विषयों पर चर्चा की। प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने प्रशासन पर प्रहार करते हुए कहा, “आज सेमेस्टर-5 के छात्र सुबह से ही परीक्षा के लिए परेशान थे, लेकिन महाविद्यालय प्रशासन जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं था। विद्यार्थी परिषद ने छात्रों की इस पीड़ा को समझा और उनके सम्मान के लिए सड़क से लेकर कॉलेज परिसर तक संघर्ष किया।

यह आंदोलन की सफलता कार्यकर्ताओं की एकजुटता और छात्र एकता की जीत है। हम किसी भी कीमत पर विद्यार्थियों के शैक्षणिक सत्र को बाधित नहीं होने देंगे और प्रशासन को अपनी जवाबदेही निभानी होगी।” इस प्रवास कार्यक्रम और आंदोलन के दौरान मुख्य रूप से विभाग संगठन मंत्री बादल कुमार, कॉलेज अध्यक्ष दुलाल चंद्र दास, जनजातीय कार्य प्रमुख चंदन पहाड़िया, राहुल पहाड़िया, राकेश दास, मनोज सोरेन, श्वेता कुमारी और अंजना साहा सहित दर्जनों कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश मंत्री ने कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए ऊर्जा भरी और छात्र समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular