Publish Date: 10 Nov 2024, Time: 06:31 AM
एजेंसी / बड़कागांव : कांग्रेस प्रत्याशी अम्बा प्रसाद के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आड़े हाथों लिया। कल्पना सोरेन ने कहा कुछ दिन पूर्व ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री यहां आए थे। बुलडोजर पर सवार होकर वो क्या बताना चाहते हैं। क्या यह बताना चाह रहे थे कि बड़कागांव के स्थानीय लोगों के घरों पर बुलडोजर चलेगा। नहीं योगी जी यह यूपी नहीं झारखंड है, यहां बुलडोजर नहीं, यहां महागठबंधन की विकास की गाड़ी चलेगी। बड़े-बड़े नेता यहां आते हैं, लेकिन वे बुनियादी जरूरतों की बात नहीं करते हैं, करते हैं तो सिर्फ आपसी मतभेद की बातें।भाजपा ने ही पिछड़ों का आरक्षण घटायाभाजपा द्वारा पिछड़ों का आरक्षण कम करने को लेकर कल्पना सोरेन ने कहा, जब झारखण्ड राज्य बना उस समय भाजपा के ही लोगों ने पिछड़ों के आरक्षण को 27% से घटाकर 14% कर दिया। जब हमने विधानसभा से पिछड़ों को 27% आरक्षण देने के बिल को पारित कराया, तो इनको बोलने की हिम्मत नहीं थी। ये लोग सिर्फ पार्टी की बात करते हैं, जनमानस की नहीं। विधानसभा से आरक्षण का बिल हो या आदिवासी सरना धर्म कोड, हम इसे पारित कराते हैं। आज उस 27% आरक्षण को लाने के लिए हमारी महागठबंधन की सरकार खड़ी है। स्थानीय लोगों का अधिकार सुनिश्चित करेंगे।

