पाकुड़ अपडेट : मंगलवार को जिला मुख्यालय के पास जहां एक और मनरेगा कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल चल रही थी वहीं ठीक पास में राज्य आवास कर्मी संघ की ओर से भी चार दिवसीय धरना का कार्यक्रम शुरू हो गया। मामले को लेकर संघ के जिला सचिव हसनैन प्रिंस ने बताया कि आज आवास योजना में पाकुड़ सबसे आगे है क्योंकि हम लोग दिन-रात मेहनत करके सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करते हैं लेकिन विगत 8 महीनों से हमारा मानदेय हम लोगों को नहीं मिला है जो बेहद दुखद है। हमारी सरकार से मांगे हैं कि मासिक मानदेय के स्थान पर ग्रेड पे लागू करना, नियमित अनुश्रवण और भ्रमण के लिए 5% भत्ता सरकार द्वारा दिया जाए , साथ ही सेवा अवधि को बढ़ाकर 60 वर्ष तक किया जाए एवं कारण हटाए जाने की स्थिति में विभाग स्तर पर अपील की सुविधा हो। उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांगों को सरकार प्राथमिकता से लेते हुए विचार नहीं करती है तो 1 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर पूरे संघ के कर्मी चले जाएंगे।
