Publish Date: 10 Nov 2024, Time : 06:26 AM
एजेंसी / मांडर : सीएम हेमंत सोरेन ने आज मांडर में चुनावी सभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी शिल्पा नेहा तिर्की के समर्थन लोगों से मतदान की अपील की। इस दौरान हेमंत ने कहा कि हमें झारखण्ड विरोधी भाजपा से सतर्क रहना है। यह बहरूपिया बन कर सिर्फ समाज को तोड़ने का प्रयास करते हैं। कहा, आज मांडर विधानसभा की जनता का यह उत्साह भी बता रहा है कि उनका प्यार और आशीर्वाद है इंडिया गठबंधन के साथ है। मौके पर कांग्रेस नेता बंधु तिर्की और शिल्पा नेहा तिर्की सहित अन्य नेताओं ने भी चुनावी सभा को संबोधित किया। सीएम ने आज पोटका में भी चुनावी सभा को संबोधित किया। सीएम ने यहां झामुमो प्रत्याशी संजीव सरदार के समर्थन में लोगों से अपील की। इस बीच सीएम ने कहा कि भाजपा हमेशा झारखंडवासियों की हकमारी करती आयी है। भाजपा हमेशा आदिवासियों का तिरस्कार करती आयी है। कहा कि पोटका में भाजपा ने भूमिज समाज के साथ-साथ पूरी विधानसभा की जनता के साथ भी धोखा किया है। पोटका समेत झारखंड की जनता भाजपा से हर एक सौतेले व्यवहार का हिसाब लेकर रहेगी। पोटका की जनता का आशीर्वाद, सिर्फ तीर-कमान के साथ रहेगा, ये आपकी विशाल भीड़ ने साबित कर दिया है। कहा कि भाजपा जितना हमें परेशान करेगी, हम उतना तेजी से झारखंड के हक-अधिकारों की आवाज उठाएंगे और अधिकार लेकर रहेंगे।सीएम ने कहा है कि प्रदेश में एक बार फिर इंडिया गठबंधन की मजबूत अबुआ सरकार बनने जा रही है। राज्य में सबसे ज्यादा समय तक शासन करने वाली भाजपा ने नियुक्तियों की राह में जो अड़चनें पैदा की थी, वो भी दूर कर लिया गया है। हेमंत सोरेन ने बताया कि जनादेश मिलने के बाद इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही 2 साल के अंदर राज्य सरकार के सभी रिक्त पदों को भरा जाएगा। इसके साथ ही सभी विभागों के मानव बल की मैपिंग भी होगी,फिर जरूरत के अनुसार नए पदों का सृजन भी किया जाएगा।

