पाकुड़ संवाददाता: स्थानीय विद्यालय डी ए वी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में गुरुवार को बाल दिवस कार्यक्रम बहुत धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षक एवं शिक्षकों द्वारा एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस प्रार्थना सभा में बच्चों के मनोरंजन हेतु अनेकों सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रार्थना सभा में शिक्षकों द्वारा मंच का संचालन किया गया एवं प्रार्थना, प्रतिज्ञा, प्रश्नोत्तरी, शिक्षाप्रद गीत, बाल दिवस मनाने के कारण आदि पर भाषण प्रस्तुत किए गए जिसे देखकर बच्चों ने अत्यंत आनंद की अनुभूति करते हुए तालिया के गड़गड़ाहट से अपनी खुशी जाहिर की। तत्पश्चात विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री संजीव कुमार मिश्रा जी द्वारा नेहरू जयंती के उपलक्ष्य में स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के प्रिय पंडित जवाहर लाल नेहरू जी के तस्वीर पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि चाचा नेहरू को बच्चों से बहुत प्यार था इसलिए उनके जन्म दिवस को हमलोग बाल दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं। नेहरू जी को बच्चों के अधिकार और शिक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के अपने अथक प्रयास के लिए जाना जाता है। उन्होंने आगे बताया कि यह दिन हमें युवा पीढ़ी के पालन पोषण और शिक्षित करने की महत्व को याद दिलाता है क्योंकि आज के युवा ही हमारे राष्ट्र के भविष्य हैं।बच्चों के मनोरंजन हेतु शिक्षिकाओं द्वारा विशेष कार्यक्रम में विद्यालय के नृत्य शिक्षिका केया चौधरी एवं लक्ष्मी सिंह द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया गया। वहीं विद्यालय के संगीत शिक्षिका स्वागता चक्रवर्ती का यह गीत बच्चे मन के सच्चे… ने सभी के हृदय को स्पर्श किया एवं सभी बच्चे भावुकता के आंसू बहाने लगे।विद्यालय प्राचार्य डॉ विश्वदीप चक्रवर्ती ने वर्चुअल रूप से विद्यालय के सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामना दी एवं सभी बच्चों को विद्यालय रूपी बाग का फूल बताया तथा हर जगह अपनी खुशबू फैलाने हेतु प्रेरित किया।
