Homeप्रदेशझारखण्ड15 नवंबर तक एसआईआर के सभी कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश

15 नवंबर तक एसआईआर के सभी कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर

पाकुड़ ( प्रीतम सिंह यादव की रिपोर्ट ) : जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एसआईआर के तहत नोटिस वितरण की प्रगति, लंबित कार्यों तथा अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की बूथवार समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रत्येक बूथ पर नोटिस वितरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से यह स्पष्ट करने को कहा कि किन बूथों पर कितने नोटिसों का वितरण शेष है तथा इसके पीछे क्या कारण हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित नोटिसों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए और कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 नवंबर तक एसआईआर से संबंधित सभी कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इस दिशा में सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित कार्यों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। उन्होंने सभी बीएलओ को कार्यों की पूर्णता सुनिश्चित करने के बाद इस आशय का प्रमाण-पत्र समर्पित करने का निर्देश दिया कि उनके संबंधित क्षेत्र में एसआईआर के निर्धारित कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं तथा कोई भी पात्र मतदाता छूटने नहीं पाया है। साथ ही, बीएलओ सुपरवाइजर, एईआरओ एवं ईआरओ को कार्यों की नियमित निगरानी करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित मामलों के निष्पादन पर भी जोर

बैठक में जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अंचल निरीक्षक (सीआई) एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए लंबित मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, पेशकार टीम के पदाधिकारी एवं कर्मी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular