नई दिल्ली : झारखंड और बिहार के बीच वर्षों से लंबित सोन नदी के जल बंटवारे के मुद्दे के समाधान की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोनों राज्यों के बीच सोन नदी के जल बंटवारे को लेकर सहमति बनने की जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान लंबे समय से चले आ रहे इस विषय पर तकनीकी पहलुओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। निरंतर विमर्श और दोनों राज्यों के आपसी प्रयासों के बाद जल बंटवारे को लेकर सहमति बनने की बात कही गई है। इस सहमति को झारखंड के जल हितों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे राज्य में किसानों के हित, सिंचाई व्यवस्था और भविष्य की जल आवश्यकताओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई है। वर्षों से लंबित सोन नदी के जल बंटवारे का मुद्दा झारखंड और बिहार के लिए महत्वपूर्ण विषय रहा है। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच बनी सहमति को इसके समाधान की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने जल संसाधनों के बेहतर उपयोग, किसानों के हितों और दोनों राज्यों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया पर भी चर्चा की।

