Homeप्रदेशझारखण्डकेकेएम कॉलेज के छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

केकेएम कॉलेज के छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

नालसा की ‘डॉन’ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम, नशामुक्त समाज निर्माण का लिया सामूहिक संकल्प

पाकुड़ : नालसा नई दिल्ली एवं झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में सोमवार को केकेएम कॉलेज में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडेय के निर्देश तथा प्रभारी डालसा सचिव विशाल मांझी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, कानूनी प्रावधान, पुनर्वास और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत के सदस्य राजीव कुमार झा, जिला मुख्यालय डीएसपी उज्जवल कुमार साहा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक गंगाराम टुडू तथा केकेएम कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. युगल झा मुख्य रूप से मौजूद रहे।

नशे से स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज पर भी

असरस्थायी लोक अदालत के सदस्य राजीव कुमार झा ने नालसा की डॉन’ (Drug Awareness and Wellness Navigation for a Drug-Free India) योजना के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए नशे के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य सुधार, पुनर्वास, पारिवारिक एवं सामाजिक सुरक्षा तथा नशे से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया। वहीं डीएसपी उज्जवल कुमार साहा ने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में लागू कानूनी प्रावधानों और दंड की जानकारी भी छात्र-छात्राओं के साथ साझा की। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ सवाल-जवाब के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर चर्चा की गई।

नशे से दूर रहने का किया आह्वान

केकेएम कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. युगल झा ने कहा कि नशे का प्रभाव व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा एवं जागरूकता के माध्यम से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशे की लत से प्रभावित लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, पुनर्वास तथा उन्हें आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। नालसा की योजना के तहत कानूनी सहायता, जनजागरूकता, पुनर्वास सेवाओं और सामुदायिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।

15100 टोल फ्री नंबर की दी जानकारी

छात्र-छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी देते हुए बताया गया कि जरूरत पड़ने पर नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों, कॉलेज कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। मंच का संचालन जेडएच विश्वास ने किया। मौके पर प्रोफेसर डॉ. स्वीटी मरांडी, डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, डॉ. मनोहर कुमार, डॉ. महाकाल कुमार, सोशल वर्कर डॉ. अजीजुर रहमान, नसीरुद्दीन शेख, मो. हैदर अली सहित पारा लीगल वॉलिंटियर्स, मोकमाउल शेख, विजय राजवंशी, नीरज कुमार राउत तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular