पाकुड़ : प्रीतम सिंह यादव की रिपोर्ट। जिले में आयोजित दतोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। मेले के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न रोजगार अवसर उपलब्ध कराए गए और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस आयोजन को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के पाकुड़ जिलाध्यक्ष महावीर मड़ैया ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन की पहल की सराहना की। महावीर मड़ैया ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव के नेतृत्व में राज्य के युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। दतोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला इसी दिशा में एक सराहनीय कदम है।उन्होंने पाकुड़ जिले में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिला नियोजन पदाधिकारी और उनकी पूरी टीम की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए बेहतर मंच मिला है।

रोजगार युवाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की नींव
राजद जिलाध्यक्ष ने कहा कि रोजगार केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि यह युवाओं के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की नींव है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार अवसर प्राप्त करने का मौका मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन होता रहेगा, जिससे जिले के अधिक से अधिक युवाओं को लाभ मिल सके। कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने पर महावीर मड़ैया ने जिला प्रशासन और सभी आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें रोजगार से जोड़ना समाज एवं राज्य के विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि हर युवा को अवसर, हर हाथ को रोजगार और हर परिवार के चेहरे पर खुशहाली होनी चाहिए।


