Homeप्रदेशझारखण्डरामपुरहाट और नलहटी की तर्ज पर हो पाकुड़ रेलवे स्टेशन का विकास...

रामपुरहाट और नलहटी की तर्ज पर हो पाकुड़ रेलवे स्टेशन का विकास : सुरेश अग्रवाल

पाकुड़ : प्रीतम सिंह यादव की रिपोर्ट। पाकुड़ रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण, आधुनिकीकरण और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग तेज हो गई है। सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश कुमार अग्रवाल ने रेल मंत्रालय, पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, हावड़ा मंडल के डीआरएम और जिला प्रशासन से स्टेशन के समग्र विकास के लिए ठोस पहल करने की मांग की है। सुरेश अग्रवाल ने कहा कि हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट और नलहटी रेलवे स्टेशनों का सौंदर्यीकरण एवं विकास किया गया है। इसी तर्ज पर पाकुड़ रेलवे स्टेशन को भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर आकर्षक स्वरूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकुड़ स्टेशन हावड़ा रेल मंडल का महत्वपूर्ण स्टेशन होने के साथ झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र के लिए आवागमन का प्रमुख केंद्र है। इसके बावजूद स्टेशन परिसर को आधुनिक बनाने की दिशा में और प्रयास किए जाने की जरूरत है।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो स्टेशन

उन्होंने रेल मंत्री और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की कि पाकुड़ रेलवे स्टेशन का नए सिरे से विकास कराया जाए। इसके तहत आधुनिक प्रवेश द्वार, आकर्षक स्टेशन भवन, बेहतर यात्री सुविधाएं, स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा और व्यवस्थित परिसर विकसित किया जाए। उनका कहना है कि स्टेशन का स्वरूप ऐसा होना चाहिए, जिससे पाकुड़ की पहचान एक विकसित और आकर्षक रेलवे स्टेशन के रूप में स्थापित हो।

छोटी पार्किंग से यात्रियों को हो रही परेशानी

सुरेश अग्रवाल ने स्टेशन की मौजूदा पार्किंग व्यवस्था को भी अपर्याप्त बताया। उन्होंने कहा कि मुख्य प्रवेश एवं निकास मार्ग के सामने पर्याप्त जगह उपलब्ध होने के बावजूद वर्तमान पार्किंग स्थल छोटा पड़ रहा है। इससे चारपहिया वाहनों से आने वाले यात्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों और वीआईपी अतिथियों को वाहन खड़ा करने में परेशानी होती है। कई बार वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति भी बन जाती है।उन्होंने सुझाव दिया कि स्टेशन से निकलने वाले मुख्य मार्ग के सामने स्थित छोटे पार्क का स्थल निरीक्षण कराया जाए। यदि तकनीकी और प्रशासनिक दृष्टि से उचित पाया जाए, तो पार्क को किसी उपयुक्त वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित कर वहां व्यवस्थित चारपहिया वाहन पार्किंग विकसित की जा सकती है। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी और स्टेशन के मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या भी कम हो सकती है।

रेलवे और जिला प्रशासन मिलकर करें पहल

सामाजिक कार्यकर्ता ने रेलवे अधिकारियों और जिला प्रशासन से संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कराकर स्टेशन के सौंदर्यीकरण तथा पार्किंग विस्तार की योजना तैयार करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पाकुड़ रेलवे स्टेशन केवल यातायात का माध्यम नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की पहचान और विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए इसके विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। अंत में उन्होंने रेल मंत्री एवं संबंधित अधिकारियों से रामपुरहाट और नलहटी की तर्ज पर पाकुड़ रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं आकर्षक बनाने तथा पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि यात्रियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

RELATED ARTICLES

Most Popular