Homeप्रदेशझारखण्डराष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर जिले के 300 मेधावी छात्र सम्मानित, नई नगर...

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर जिले के 300 मेधावी छात्र सम्मानित, नई नगर इकाई का हुआ शंखनाद

पाकुड़ : राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के ऐतिहासिक और गौरवमयी अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा एक भव्य ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ सह ‘नगर इकाई पुनर्गठन’ कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पूरे आयोजन में ‘जीरो प्लास्टिक यूज़’ (Zero Plastic Use) और ‘पर्यावरण संरक्षण’ का दिया गया संदेश हर किसी के आकर्षण और प्रेरणा का मुख्य केंद्र रहा। परिषद ने प्रकृति की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए मंच पर आसीन अतिथियों का स्वागत पारंपरिक बुके के स्थान पर जीवित, हरे-भरे पौधे भेंट कर किया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, योगाचार्य संजय शुक्ला, विभाग संयोजक संजय दत्त, जिला संयोजक सन्नी तिवारी तथा प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस गरिमामयी समारोह में जिले के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों से दसवीं एवं 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष पांच (टॉप-5) स्थान प्राप्त , राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सहित लगभग 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं को ऊर्जामयी ढंग से संबोधित करते हुए प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने कहा, “विद्यार्थी परिषद केवल किताबी ज्ञान की बात नहीं करती, बल्कि छात्रों में राष्ट्रीय चरित्र, देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का निर्माण करती है। आज मंच पर बुके की जगह जीवित पौधे देकर अतिथियों का स्वागत करना यह प्रत्यक्ष रूप से दर्शाता है कि एबीवीपी पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण के प्रति कितनी सजग और गंभीर है।

सम्मानित होने वाले ये सभी 300 विद्यार्थी हमारे देश का स्वर्णिम भविष्य हैं, जिन्हें अपनी इस मेधा और असीमित ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाना चाहिए।” मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने अपने वक्तव्य में परिषद के इस अनूठे प्रयास की सराहना करते हुए कहा, “आज के बच्चे ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। दसवीं की परीक्षा जीवन का पहला सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव होती है। इन बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत से पूरे जिले का नाम रोशन किया है, मैं इनके उज्ज्वल और सफल भविष्य की मंगल कामना करती हूँ।” इस अवसर पर संगठन की रीति-नीति और वैचारिक मार्गदर्शन रखते हुए विभाग संयोजक संजय दत्त ने कहा, “एबीवीपी विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसका एकमात्र मूल उद्देश्य छात्र शक्ति को सही दिशा देकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना है।

आज सम्मानित होने वाले बच्चे कल के कुशल नेतृत्वकर्ता बनेंगे।” वहीं उपस्थित छात्र समुदाय को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सन्नी तिवारी ने कहा, “राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस हमारे संकल्पों को दोहराने और छात्र हितों की रक्षा का दिन है। आज विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में जो नई नगर इकाई पुनर्गठित की जा रही है, वह जिले के कोने-कोने में जाकर छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु मुस्तैदी से काम करेगी और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रवाद की अलख जगाएगी।” इसी क्रम में युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ बनने का मंत्र देते हुए विशिष्ट अतिथि योगाचार्य संजय शुक्ला ने योग और युवा शक्ति पर अपना विशेष संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “युवा देश की रीढ़ हैं, और एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक अनुशासित कला है जो एकाग्रता, मानसिक स्पष्टता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाती है। समारोह के अंतिम चरण में संगठन के विस्तार और छात्र आंदोलन को नई गति देने के लिए नई नगर कार्यकारिणी एवं इकाई के पुनर्गठन की आधिकारिक घोषणा की गई।अभाविप के नये दायित्व घोषणा में सूरज साहा को नगर मंत्री,राॅकी , हर्षिता और दिनेश पंडित को नगर सह मंत्री, आयुष पटवा को नगर नगर एसएफडी (SFD) संयोजक, रूमी कुमारी को सह संयोजक, हर्ष कुमार एसएफएस संयोजक और अनुप्रिया को नगर सह एसएफएस संयोजक,अमरीश कुमार को नगर कार्यालय मंत्री, कुणाल सिंह को कार्यालय सह मंत्री, आयुष चौरसिया को +2 प्रमुख ,सूरज चौधरी को नगर खेलो भारत प्रमुख व सुमित कुमार, आदित्य, प्रकाश और परी कुमारी को नगर कार्यकारिणी सदस्य दायित्व मिला। वहीं तथा राहुल कुमार को कॉलेज अध्यक्ष घोषित किया गया। इस वृहद और अनुशासित आयोजन को धरातल पर सफल बनाने में परिषद के समर्पित कार्यकर्ताओं—सुमित पांडे, गुलशन कुमार, प्रीतम कुमार, सौरभ कुमार और राहुल मिश्रा की भूमिका सराहनीय रही। समारोह में भारी संख्या में छात्र, सम्मानित अभिभावक और शिक्षक उपस्थित रहे, जिन्होंने राष्ट्रगान के सामूहिक गान के साथ इस शानदार कार्यक्रम का विधिवत समापन किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular