पाकुड़ से प्रीतम सिंह यादव की रिपोर्ट : मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत BLO-BLA-2 की छठी बैठक एवं छठी चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आयोजित गतिविधियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय दादपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 190, उत्क्रमित मध्य विद्यालय मलयपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 189 तथा पंचायत भवन फरसा स्थित मतदान केंद्र संख्या 322 का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं बीएलए-2 के साथ आयोजित बैठक की जानकारी ली तथा चुनाव पाठशाला के माध्यम से संचालित मतदाता जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं से सीधे संवाद कर मतदाता पहचान पत्र की उपलब्धता, बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म-6 उपलब्ध कराने तथा नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

साथ ही, फॉर्म-6, 7 एवं 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की सुपर चेकिंग करते हुए संबंधित मतदाताओं से मुलाकात की और आवेदन एवं उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की जानकारी का सत्यापन किया। उन्होंने नोटिस प्राप्त नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करने की अपील की। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप संपादित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए घर-घर संपर्क, प्रभावी मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन प्रक्रिया में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।

