पाकुड़ : सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पाकुड़ द्वारा केन्द्र प्रायोजित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना के अंतर्गत लाभुकों के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) अद्यतन कराने हेतु विशेष शिविर का आयोजन शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में किया गया। शिविर का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने शिविर में उपस्थित लाभुकों से संवाद करते हुए मईया सम्मान योजना के तहत राशि प्राप्त होने की जानकारी ली।

लाभुकों ने बताया कि उन्हें योजना की राशि प्राप्त हो चुकी है। उपायुक्त ने लाभुकों से सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा निर्धारित अवधि के भीतर अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अवश्य बनवाने की अपील की। जिले में सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अंतर्गत संचालित केन्द्र प्रायोजित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना में कुल 25,332 लाभुक पंजीकृत हैं। इनमें 4,997 लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट लंबित है। लंबित डीएलसी का कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिला स्तर, सभी प्रखंडों एवं अंचलों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

शुक्रवार को समाहरणालय परिसर के साथ-साथ जिले के सभी प्रखंडों में भी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा यह विशेष अभियान 10 जुलाई, 2026 से 31 जुलाई, 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को शिविर आयोजित होंगे। शिविर का समय पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक तथा अपराह्न 3:00 बजे से 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने सभी शेष लाभुकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने निकटतम शिविर में उपस्थित होकर अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से बनवा लें। समय पर डीएलसी नहीं कराने की स्थिति में पेंशन भुगतान में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है। इसलिए सभी पात्र लाभुक निर्धारित अवधि के भीतर अपना डीएलसी कार्य अवश्य पूर्ण कराएं। मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा उपस्थित थे।

