पाकुड़ संवाददाता : ताँतीपाड़ा स्थित राधे-कृष्ण मंदिर से गांधी चौक तक हाल ही में बनी पिचिंग सड़क के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन से जांच की मांग उठी है। इस संबंध में जिला अध्यक्ष गौतम कुमार ने उपायुक्त, पाकुड़ को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच कराने एवं दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि लगभग एक माह पूर्व निर्मित सड़क में निर्माण मानकों का पालन नहीं किया गया। सड़क निर्माण में निर्धारित हाफ इंच स्टोन चिप्स के स्थान पर डस्ट (पत्थर का चूरा) का उपयोग किया गया, जिसकी पोल पहली ही बारिश में खुल गई। इसके अलावा सड़क निर्माण में प्रयुक्त अलकतरा (बिटुमेन) सहित अन्य सामग्री भी प्राक्कलन के अनुरूप नहीं होने का आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि सड़क की मोटाई भी स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप नहीं है, जिससे सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।गौतम कुमार ने जनहित का हवाला देते हुए उपायुक्त से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय टीम गठित की जाए तथा यदि निर्माण में अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।ज्ञापन की प्रतिलिपि कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद पाकुड़, नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को भी भेजी गई है।अब निगाहें जिला प्रशासन पर हैं कि शिकायत के बाद सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कब होती है और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
[wps_visitor_counter]

