Homeस्वास्थडेंगू रोधी माह के तहत एसपी आवास पर चला कंटेनर सर्वे अभियान

डेंगू रोधी माह के तहत एसपी आवास पर चला कंटेनर सर्वे अभियान

एसपी अनुप सिंह ने लोगों से की अपील—घर के आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई अपनाएं

पाकुड़ : जिले में डेंगू की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे डेंगू रोधी माह के तहत सोमवार को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के सरकारी आवास परिसर में विशेष कंटेनर सर्वे अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिसर का निरीक्षण कर गमलों, कूलरों एवं अन्य जल पात्रों में सात दिनों से अधिक समय से जमा पानी को हटाया, ताकि डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के लार्वा को पनपने से रोका जा सके।

अभियान में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी ने भी भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू से बचाव के लिए अपने घर, आंगन, छत, गमलों, कूलर, पुराने टायर और अन्य स्थानों पर पानी जमा नहीं होने दें। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई और जल-जमाव को रोकना ही डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए सप्ताह में कम-से-कम एक दिन “ड्राई डे” मनाने की सलाह दी।

इस दिन सभी जल पात्रों को खाली कर साफ करने और घर के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। अभियान को सफल बनाने में राज किशोर प्रसाद (केटीएस), रंजन कर्मकार (एमपीडब्ल्यू), राकेश कुमार सिंह (एमपीडब्ल्यू) सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से डेंगू रोकथाम अभियान में सहयोग करने और किसी भी प्रकार के बुखार या डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular