Homeक्राइममहेशपुर में बाइक चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी की अपाची बरामद

महेशपुर में बाइक चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी की अपाची बरामद

विलासपुर चौक के पास अर्धनिर्मित मकान से मिली मोटरसाइकिल, गिरफ्तार आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास

पाकुड़ ( प्रीतम सिंह यादव की रिपोर्ट) : महेशपुर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खांपुर गांव निवासी अजफारूल शेख, पिता खुदु शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई टीवीएस अपाची आरटीआर 160 मोटरसाइकिल (नंबर JH16E3112) बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को महेशपुर थाना क्षेत्र के खांपुर गांव से मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इस संबंध में रामपुर निवासी मौसिहर शेख के लिखित आवेदन के आधार पर महेशपुर थाना कांड संख्या 177/2026 दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

आरोपी की निशानदेही पर बाइक बरामद

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए अजफारूल शेख को महेशपुर थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाइक चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर विलासपुर चौक स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ महेशपुर थाना में पहले भी चोरी सहित अन्य आरोपों से संबंधित मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 और 2024 के चोरी के मामले तथा वर्ष 2026 का एक अन्य मामला शामिल है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में ये रहे शामिल

कार्रवाई में एसडीपीओ विजय कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार, पुरुषोत्तम लागुरी, अजय कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक अवधेश कुमार यादव तथा महेशपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular