Homeक्राइमपाकुड़ में जलापूर्ति योजना के लोहे के पाइप चोरी मामले का खुलासा,...

पाकुड़ में जलापूर्ति योजना के लोहे के पाइप चोरी मामले का खुलासा, 10 आरोपी गिरफ्तार

एसआईटी की छापेमारी में 42 पीस लोहे के डीआई पाइप, ट्रक और बोलेरो बरामद, चोरी के सामान की कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये

पाकुड़ : जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के कैंपस से लोहे के डीआई पाइप चोरी किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए 42 पीस लोहे के डीआई पाइप, एक ट्रक, एक बोलेरो वाहन, आठ मोबाइल फोन, लोहे का एक रॉड और एक लाठी बरामद की है। बरामद पाइपों की अनुमानित कीमत करीब चार से पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक पाकुड़ अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 की रात पाकुड़िया थाना क्षेत्र के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, कंगला मोड़ के पास सलगापाड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के कैंपस से अज्ञात चोरों ने डीआई पाइप की चोरी कर ली थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।एसआईटी ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए चोरी के सामान की बरामदगी की और घटना में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक ट्रक और एक बोलेरो वाहन भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ताज मोहम्मद शेख, जहांगीर आलम, उत्पल शील, मानिक शील, नील कमल शील, सजल दास, सिराज शेख, तुजामेल शेख, नशीरीद्दीन और संजीत महतो शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का कार्यक्षेत्र पाकुड़ और बंगाल क्षेत्र रहा है तथा इनकी अपराध शैली घूम-घूमकर चोरी एवं डकैती की घटनाओं को अंजाम देना है। मामले में शिकायतकर्ता भोला कुमार राय के बयान के आधार पर पाकुड़िया थाना कांड संख्या 81/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026, धारा 310(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में चार के आपराधिक इतिहास भी सामने आए हैं। इन आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में पूर्व से मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी 10 गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में एसआईटी के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ पाकुड़िया, महेशपुर और रद्दीपुर ओपी की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

RELATED ARTICLES

Most Popular