Homeक्राइमदुर्गा पूजा को लेकर नगर थाना में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा...

दुर्गा पूजा को लेकर नगर थाना में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

पाकुड़ : दुर्गा पूजा को लेकर शुक्रवार को पाकुड़ नगर थाना परिसर में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के अलावा शहर के गणमान्य नागरिक, विभिन्न पूजा पंडालों के अध्यक्ष एवं सचिव शामिल हुए। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, यातायात व्यवस्था एवं जाम से निपटने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सायमन मरांडी, अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया , नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, डीएसपी गौरव कुमार एवं नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान पूजा पंडालों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराने, नालियों की सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक व्यवस्था करने पर चर्चा हुई। वहीं पूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा जाम की समस्या से निपटने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।अनुमंडल पदाधिकारी सायमन मरांडी ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस एवं प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के किसी सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों से भी सहयोग की अपील करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular