रांची : दिलीप सिंह परिहार की रिपोर्ट । झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित सिद्धू-कान्हू वेलोड्रोम स्टेडियम में 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर एवं 41वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेन्द्र कुमार पाठक ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजनों से झारखंड की पहचान राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और मजबूत होती है।

देशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और संस्थानों से आए खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। झारखंड में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन राज्य के लिए गौरव की बात है।

साइकिलिंग फेडरेशन और विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं विभिन्न राज्यों के साइकिलिंग संघों के पदाधिकारी और खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। इनमें फेडरेशन के संयुक्त सचिव राजेंद्र कुमार गुप्ता और नीरज तंवर, एक्जीक्यूटिव मेंबर प्रशांत राउत, पश्चिम बंगाल साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष राजीव मेहरा, मध्य प्रदेश साइकिलिंग संघ के महासचिव बी.के. राजपूत, एथलीट कमीशन के सदस्य सरदार सरवन्त सिंह गिल तथा झारखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव एस.के. पांडेय प्रमुख रूप से शामिल रहे।

आयोजन को सफल बनाने में जुटी आयोजन समिति
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में झारखंड साइकिलिंग संघ के पदाधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संघ के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह के साथ अम्लान कुसुम सिन्हा, रितेश झा, चंदन तिवारी, सुरजीत कुमार, चन्द्र बहादुर सिंह सहित अन्य सदस्य आयोजन की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। झारखंड साइकिलिंग संघ ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।


