Homeक्राइमपाकुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर में चल रही अवैध विदेशी शराब...

पाकुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर में चल रही अवैध विदेशी शराब की बिक्री का खुलासा

33 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, 85 बोतल विदेशी शराब और बीयर बरामद

पाकुड़ : जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित छापेमारी दल ने मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के पत्थरघट्टा (पहाड़ियाटोला) गांव में छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब की बिक्री का भंडाफोड़ किया।

कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके घर से भारी मात्रा में विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि सुरेश पहाड़िया उर्फ बुधना पहाड़िया अपने घर से अवैध रूप से विदेशी शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने पत्थरघट्टा (पहाड़ियाटोला) स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से रॉयल स्टेग कंपनी की 39 बोतल विदेशी शराब तथा किंगफिशर कंपनी की 46 बोतल बीयर बरामद की गई।

बरामद सामान

रॉयल स्टेग (350 एमएल) – 03 बोतल• रॉयल स्टेग (180 एमएल) – 36 बोतल• किंगफिशर बीयर (650 एमएल) – 46 बोतल

कुल 85 बोतल शराब एवं बीयर जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश पहाड़िया उर्फ बुधना पहाड़िया (33 वर्ष) , पिता स्व. नेपाल पुजहर, निवासी ग्राम पत्थरघट्टा (पहाड़ियाटोला), थाना मालपहाड़ी ओपी, जिला पाकुड़ के रूप में हुई है। इस संबंध में मालपहाड़ी ओपी थाना कांड संख्या-180/2026, दिनांक 21 जुलाई 2026 के तहत उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।छापेमारी अभियान में एसडीपीओ कुमार गौरव, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

पाकुड़ पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular