पाकुड़ : जिले के नरोत्तमपुर गांव में शुक्रवार को घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एनामुल शेख उर्फ गामा, पिता मनारूल शेख ने हसुआ से हमला कर अपनी पत्नी और पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सोनाभान बीबी (करीब 26 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं आरोपी के पिता का इलाज जारी है।

उनकी स्थिति को लेकर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हसुआ को बरामद कर जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी एनामुल शेख उर्फ गामा फरार हो गया।

उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। शाम होने के कारण मृतका का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नियमानुसार कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

