Homeप्रदेशझारखण्डएसआईआर को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया सुपर चेकिंग, मतदाताओं से...

एसआईआर को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया सुपर चेकिंग, मतदाताओं से सीधे मिलकर जानी समस्याएं

लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

पाकुड़ संवाददाता: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं करने वाले मतदाताओं के मामलों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुपर चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने संबंधित बूथों पर पहुंचकर मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की तथा उनके गणना प्रपत्र, नोटिस एवं सत्यापन से संबंधित मामलों की जानकारी ली।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत अपग्रेड हाई स्कूल तोड़ाई स्थित मतदान केंद्र संख्या 148 एवं पंचायत भवन जबरदाहा स्थित मतदान केंद्र संख्या 85 तथा लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत करियोडीह स्थित मतदान केंद्र संख्या 65 एवं मध्य विद्यालय लिट्टीपाड़ा स्थित मतदान केंद्र संख्या 33 एवं बीचामहल स्थित मतदान केंद्र संख्या 35 का निरीक्षण कर सुपर चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को लंबित मामलों के निष्पादन में आवश्यक तत्परता बरतने का निर्देश दिया।

एक सप्ताह के भीतर लंबित मामलों के समाधान का प्रयास

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र में विशेष सर्वे एवं सुपर चेकिंग कराई जा रही है, ताकि जिन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र भरा है, उनके मामलों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके और किसी प्रकार की समस्या होने पर उसका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें मतदाताओं ने दूसरे प्रखंड अथवा अन्य स्थानों से संबंधित दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया है, लेकिन उनके आवेदन अभी लंबित हैं।

ऐसे सभी मामलों को चिह्नित कर अगले एक सप्ताह के भीतर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ मतदाता ऐसे भी हैं, जो काफी समय पूर्व दूसरे जिलों में स्थानांतरित हो चुके हैं। इस कारण उन्हें सत्यापन एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे मामलों में भी आवश्यक पहल करते हुए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों से भी जानकारी ली तथा अपील की कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे अपने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से नहीं छूटे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ पूरी गंभीरता एवं सक्रियता के साथ कार्य करें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular