पाकुड़ संवाददाता : झारखंड स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर पाकुड़ जिले ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट कार्यक्षमता का परचम लहराते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ग्रामीण आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पाकुड़ जिले को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। आज दिनांक 28 नवंबर 2026 को खेलगांव, रांची में आयोजित झारखंड स्थापना दिवस मेला सह प्रदर्शनी समारोह में माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने उप विकास आयुक्त श्री अरविन्द कुमार लाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान जिले में ग्रामीण आवास योजनाओं के सफल संचालन, प्रभावी निगरानी एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का प्रतिफल है। पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर किए गए समन्वित प्रयासों ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है।

उपायुक्त ने पूरी टीम को दी बधाई
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने उप विकास आयुक्त, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयकों, पंचायत सचिवों, मुखियाओं एवं ग्रामीण आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में जुटे सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत, निष्ठा, समर्पण और सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को आवास योजनाओं से जोड़कर उन्हें पक्के आवास का लाभ उपलब्ध कराने में सभी की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर प्राप्त यह सम्मान जिले के लिए गौरव के साथ-साथ भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा भी है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से इसी टीम भावना, पारदर्शिता और कार्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे।

