Homeप्रदेशझारखण्डचुनावी वादों को धरातल पर उतारने में जुटीं शबरी पाल, वार्डों का...

चुनावी वादों को धरातल पर उतारने में जुटीं शबरी पाल, वार्डों का निरीक्षण कर सुनीं जनता की समस्याएं

वार्ड-वार विकास कार्यों की समीक्षा शुरू, छोटी अलीगंज में सफाई, सड़क, नाली, पेयजल और स्ट्रीट लाइट का लिया जायजा; गंदगी देखकर शौचालय व्यवस्था पर जताई नाराजगी

पाकुड़ से प्रीतम सिंह यादव की रिपोर्ट : नगर परिषद चुनाव के दौरान शहरवासियों से किए गए विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं के वादों को पूरा करने की दिशा में नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। शहर के सभी वार्डों में पहुंचकर जमीनी हकीकत जानने और लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने के उद्देश्य से उन्होंने वार्डों का निरीक्षण शुरू किया है।

इसी क्रम में शुक्रवार को दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने वार्ड संख्या-3 के छोटी अलीगंज स्थित चैती दुर्गा मंदिर के समीप पहुंचकर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने वार्ड की साफ-सफाई, सड़क, नाली, पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित मुद्दों के जल्द समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया।

वहां व्यापक गंदगी और बदहाल व्यवस्था देखकर उन्होंने आश्चर्य जताया तथा शौचालय की साफ-सफाई और व्यवस्था को बेहतर बनाने का भरोसा दिया।

अब दफ्तर तक सीमित नहीं, वार्डों में पहुंचकर समस्याएं सुन रहीं अध्यक्ष

नगर परिषद अध्यक्ष के इस वार्ड भ्रमण को शहर में विकास कार्यों की जमीनी समीक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निरीक्षण के बाद सामने आई समस्याओं पर जल्द कार्रवाई होगी और वार्डों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति में सुधार आएगा। गौरतलब है कि नगर परिषद चुनाव में शहरवासियों ने बहुमत देकर शबरी पाल के नेतृत्व पर भरोसा जताया था। पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत खराब रहने के कारण विकास कार्यों की रफ्तार कुछ धीमी बताई जा रही थी, लेकिन अब वे सक्रिय होकर शहर के विकास और नागरिक समस्याओं के समाधान में जुट गई हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कर्मी एवं स्थानीय लोग मौजूद थे। अब शहरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं का समाधान कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से किया जाता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular