बरहेट / साहिबगंज : झारखंड स्थापना दिवस 2026 पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को बरहेट प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ अंशु कुमार पांडे के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच सहायता राशि, चेक, स्वीकृति पत्र और परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख बर्नाड मरांडी एवं प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस की ओर से 90 सखी मंडलों को बैंक क्रेडिट लिंकेज तथा 115 सखी मंडलों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत चेक प्रदान किए गए।

कृषि विभाग की ओर से किसानों के बीच मसूर, सरसों और गेहूं के बीज वितरित किए गए। वहीं, वीबी-जी राम जी योजना के तहत पांच मजदूरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पशुधन विकास योजना के तहत परिसंपत्तियों का वितरण किया गया, जबकि पेंशन योजना के दो लाभुकों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
अबुआ आवास के लाभुकों को मिली गृह प्रवेश की चाबी
अबुआ आवास योजना के तहत फूलभंगा गांव के गोपाल बेसरा और बरहेट संथाली दक्षिणी की गीता देवी को गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी एवं उपहार प्रदान किए गए। आवास की चाबी मिलने पर लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
सखी मंडल की दीदियां रांची के लिए रवाना
झारखंड स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने के लिए बरहेट की सखी मंडल की दीदियों को रांची रवाना किया गया। बीडीओ अंशु कुमार पांडे एवं प्रखंड प्रमुख बर्नाड मरांडी ने हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया और समारोह के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बर्नाड मरांडी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। आपसी समन्वय के साथ यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र लाभुक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से एसआईआर प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने और सभी मतदाताओं से समय रहते संबंधित प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। कार्यक्रम में समदा सोरेन, पूसा टुडू, क्षवि हेंब्रम सहित कई जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
बरहेट से सुकांतो बर्धन की रिपोर्ट।

