HomeUncategorizedपाकुड़ प्रेस क्लब के चुनाव की मांग तेज, पत्रकारों ने डीसी को...

पाकुड़ प्रेस क्लब के चुनाव की मांग तेज, पत्रकारों ने डीसी को सौंपा आवेदन

करीब 20 वर्षों से विधिवत चुनाव नहीं होने का आरोप, निष्पक्ष जांच और जिला प्रशासन की निगरानी में चुनाव कराने की उठाई मांग

पाकुड़ : पाकुड़ प्रेस क्लब का लंबे समय से विधिवत चुनाव नहीं होने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। जिले के विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने उपायुक्त महोदया को आवेदन सौंपकर प्रेस क्लब के गठन और संचालन की निष्पक्ष जांच कराने के साथ लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने की मांग की है। आवेदन में पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि पिछले लगभग 20 वर्षों से प्रेस क्लब का गठन जिले के सभी पत्रकारों की सहभागिता और विधिवत मतदान के माध्यम से नहीं हुआ है। सीमित संख्या में कुछ पत्रकारों के बीच ही चुनाव की प्रक्रिया पूरी किए जाने की बात कही गई है। साथ ही, मुकेश जायसवाल के लंबे समय से अध्यक्ष पद पर बने रहने का उल्लेख करते हुए पत्रकारों ने सवाल उठाया है कि अब तक चुनाव किस प्रक्रिया और नियमावली के तहत कराया गया है। पत्रकारों ने उपायुक्त को बताया कि इस मामले को पूर्व उपायुक्त मनीष कुमार के समक्ष भी लिखित रूप से उठाया गया था। उस समय सकारात्मक पहल का आश्वासन मिला था, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका। आवेदन के माध्यम से पत्रकारों ने प्रेस क्लब के पंजीकरण, संविधान, नियमावली और कार्यकाल से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही जिले के सभी पात्र पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जिला प्रशासन की निगरानी में निष्पक्ष चुनाव कराने और नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन करने का आग्रह किया है। पत्रकारों का कहना है कि प्रेस क्लब किसी व्यक्ति विशेष या सीमित समूह का मंच नहीं, बल्कि जिले के सभी पत्रकारों के साझा हितों और अधिकारों का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन होना चाहिए। इसमें पारदर्शिता, समान भागीदारी और लोकतांत्रिक व्यवस्था सुनिश्चित होना जरूरी है। इस दौरान पत्रकार सतनाम सिंह, प्रीतम सिंह यादव, बलराम ठाकुर, सुदीप द्विवेदी, ममता जायसवाल, रवि शंकर, विजय कुमार सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे। वहीं, जिले के कई अन्य पत्रकारों ने भी इस मांग के प्रति अपनी सहमति जताई है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है और पाकुड़ प्रेस क्लब में विधिवत चुनाव कराने की दिशा में कब पहल होती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular