Homeप्रदेशझारखण्डप्रखंड स्तरीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर में उमड़ी लोगों की भागीदारी, 43...

प्रखंड स्तरीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर में उमड़ी लोगों की भागीदारी, 43 आवेदकों को मिला लर्नर लाइसेंस; सड़क सुरक्षा के प्रति भी किया गया जागरूक

पाकुड़ : राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, झारखंड सरकार के निर्देशों तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में जिला परिवहन कार्यालय, पाकुड़ द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के प्रति जागरूक करना, लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

इसी क्रम में शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय, लिट्टीपाड़ा में आयोजित दो दिवसीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर के अंतिम दिन कुल 49 आवेदन प्राप्त हुए। जिला परिवहन कार्यालय द्वारा सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया। इनमें से सरकार द्वारा निर्धारित ऑनलाइन परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले 43 आवेदकों को नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति प्रदान किया गया। सफल अभ्यर्थियों को प्रखंड विकास पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा संजय कुमार द्वारा अनुज्ञप्ति वितरित की गई। शिविर के दौरान उपस्थित नागरिकों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

उन्हें बताया गया कि वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखना प्रत्येक चालक की कानूनी एवं नैतिक जिम्मेदारी है। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा जिम्मेदारीपूर्वक वाहन संचालन करने की अपील की गई। इस अवसर पर हिट एंड रन दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना, गुड सेमेरिटन योजना, राहवीर योजना, कैशलेस उपचार सुविधा एवं सड़क दुर्घटना की स्थिति में उपलब्ध विभिन्न सरकारी सहायता एवं आपदा प्रबंधन संबंधी प्रावधानों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।

उपस्थित लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। शिविर में आए नागरिकों से अपील की गई कि वे आगामी प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। जिला परिवहन कार्यालय ने विश्वास दिलाया कि नागरिकों को बेहतर एवं पारदर्शी परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा संजय कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, वरीय प्रधान लिपिक बरियार हेंब्रम, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य, जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular