पाकुड़: राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2026 के अंतर्गत थीम-7 ‘सामाजिक रूप से न्याय संगत एवं सुरक्षित गाँव’ श्रेणी में नामांकित उदयनारायणपुर पंचायत का जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू द्वारा निरीक्षण कर पंचायत में संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, जन वितरण प्रणाली तथा पंचायत स्तर पर सुशासन एवं समावेशी विकास से संबंधित कार्यों का गहन अवलोकन किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने पंचायत में सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण, कमजोर एवं वंचित वर्गों के कल्याण, सुरक्षित एवं समावेशी वातावरण के निर्माण तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े अभिलेखों एवं उपलब्धियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के मूल्यांकन मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक दस्तावेजों, उपलब्धियों, नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर आयोजित समीक्षा बैठक में पंचायत की उपलब्धियों, जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों तथा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। साथ ही पंचायत द्वारा सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों पर भी चर्चा की गई। जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि पंचायतों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों तथा ग्रामीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करते हुए पंचायत की उपलब्धियों को प्रभावी एवं तथ्यात्मक रूप से प्रस्तुत करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्यालयों, जन वितरण प्रणाली तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।

संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए पंचायत की उपलब्धियों, नवाचारों एवं पुरस्कार से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार अभिषेक सिंह, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल अनंत सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के.के. सिंह, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, जिला समन्वयक पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सुमन कुमार, प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक आनंद प्रकाश, प्रखंड स्तरीय सभी पर्यवेक्षक, पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

