पाकुड़ : झारखंड की राजधानी रांची के हिन्दपीड़ी इलाके में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी के प्रदेश कमेटी द्वारा मिलन समारोह सह सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं AIMIM के वरिष्ठ नेता अकील अख्तर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी की नीतियों और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि AIMIM समाज के हर तबके की आवाज बनकर काम कर रही है और झारखंड में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। अपने संबोधन के दौरान पूर्व विधायक अकील अख्तर साहब ने भारत सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश में गाय को लेकर लंबे समय से राजनीति होती रही है, ऐसे में केंद्र सरकार को स्पष्ट निर्णय लेते हुए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में गाय संरक्षण को लेकर गंभीर है तो सिर्फ बयानबाजी नहीं बल्कि ठोस कदम उठाने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा, शांति और संविधान की मजबूती पर भी बल दिया।कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने AIMIM की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। मौके पर AIMIM झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर प्रदेश महासचिव डॉ नासिम अंसारी प्रदेश महासचिव इंतेखाब अंसारी झारखंड प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा परवीन प्रदेश संगठन महासचिव मेहताब आलम प्रदेश सचिव अब्दुल मोकीत पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता अफिफ अमसल पाकुड़ के पूर्व जिलाध्यक्ष शामसाद आलम सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद थे।
