Homeप्रदेशझारखण्ड"चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो" अभियान के तहत माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान-2026 का...

“चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के तहत माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान-2026 का शुभारंभ

पाकुड़ : “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के तहत महेशपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान-2026 का शुभारंभ महेशपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने एवं सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने कहा कि माहवारी महिलाओं एवं किशोरियों के जीवन की एक स्वाभाविक एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है। इसे लेकर समाज में व्याप्त संकोच, भ्रांतियों एवं गलत धारणाओं को समाप्त करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि जागरूकता, स्वच्छता एवं सही जानकारी के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान का उद्देश्य माहवारी जैसे महत्वपूर्ण विषय पर खुलकर संवाद स्थापित करना, किशोरियों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला होती है। डॉ. यादव ने उपस्थित प्रतिभागियों से अपील किया कि वे माहवारी स्वच्छता के संबंध में जागरूकता का संदेश अपने परिवार, विद्यालय, गांव एवं समुदाय तक पहुंचाएं, ताकि इस विषय को लेकर फैली झिझक समाप्त हो और प्रत्येक महिला एवं किशोरी सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सके। कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छ जीवनशैली से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। साथ ही महिलाओं एवं किशोरियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया, महिला समूह की सदस्याएं उपस्थित थीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular