पाकुड़, संवाददाता : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, रूस और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चा है। इसी बीच झारखंड के पाकुड़ जिले में पेट्रोल की कथित कालाबाजारी धड़ल्ले से जारी रहने का मामला सामने आया है। बाजारों में पानी की बोतलों में भरकर पेट्रोल खुलेआम ऊंची कीमत पर बेचा जा रहा है, जबकि संबंधित विभाग इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पेट्रोल पंपों पर कई बार पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर परेशानी होती है, लेकिन दूसरी ओर बाजारों में बोतलों में पैक पेट्रोल आसानी से मिल जाता है। हिरणपुर प्रखंड के मोहनपुर सहित कई स्थानों पर दुकानों में बोतलों में पेट्रोल बेचते देखा जा सकता है।

विक्रेताओं द्वारा पेट्रोल की कीमत ₹125 प्रति लीटर बताई जा रही है।गौरतलब है कि पूर्व में जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि पेट्रोल पंप संचालक किसी भी व्यक्ति को बोतल या डिब्बे में पेट्रोल नहीं देंगे। इसके बावजूद यदि खुलेआम बोतलों में पेट्रोल बेचा जा रहा है, तो इससे इन आदेशों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पेट्रोल पंपों से ही बोतलों में पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है? यदि हां, तो क्या इसमें किसी प्रकार की मिलीभगत या आर्थिक लाभ का मामला है? इसका उत्तर जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध पेट्रोल बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि आम उपभोक्ताओं को निर्धारित मूल्य पर पेट्रोल पंपों से आसानी से ईंधन उपलब्ध हो सके।

