Homeप्रदेशझारखण्डस्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, स्कूल वाहनों के सभी सुरक्षा मानकों का...

स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, स्कूल वाहनों के सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें

पाकुड़ : उपायुक्त, पाकुड़ के निर्देशानुसार एवं जिला परिवहन पदाधिकारी के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जिले के विभिन्न गैर-सरकारी विद्यालयों में संचालित स्कूली वाहनों का विशेष भौतिक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना, विद्यालय प्रबंधन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा परिवहन विभाग एवं सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित स्कूल वाहन सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराना था। निरीक्षण के दौरान एलिट पब्लिक स्कूल तथा डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल, के.के.एम. कॉलेज, पाकुड़ के विद्यालय वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, आवश्यक दस्तावेजों की वैधता एवं अन्य निर्धारित मानकों का परीक्षण किया गया।

विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी स्कूल वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूर्णतः सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से दुरुस्त रखें तथा परिवहन विभाग एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें। निरीक्षण दल ने विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों से भी स्कूली बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही सभी निजी विद्यालयों को निर्देशित किया गया कि यदि किसी वाहन में किसी प्रकार की तकनीकी कमी अथवा सुरक्षा संबंधी त्रुटि पाई जाती है तो उसका अविलंब सुधार कर अधिकतम एक सप्ताह के भीतर पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। विद्यालय प्रबंधन ने निरीक्षण दल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा विद्यालय वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। यदि किसी स्तर पर कोई कमी शेष रह गई हो तो उसे भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर दूर करते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला परिवहन विभाग ने जिले के सभी विद्यालय संचालकों से पुनः अपील की कि वे स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा प्रत्येक स्कूल वाहन का नियमित निरीक्षण, समय-समय पर रखरखाव और सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। सुरक्षित स्कूल वाहन व्यवस्था न केवल बच्चों की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही की गारंटी है, बल्कि अभिभावकों के विश्वास को भी और अधिक मजबूत बनाती है। निरीक्षण अभियान में मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, सड़क यांत्रिक विश्लेषक मोहम्मद अजहद अंसारी, संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular