पाकुड़ : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की सक्रिय नेत्री प्राची चौधरी ने बुधवार को पाकुड़ नगर परिषद की अध्यक्ष शबरी पाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक उत्थान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा कौशल विकास जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए ठोस पहल करने पर भी सहमति बनी।इस अवसर पर प्राची चौधरी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर परिषद के सहयोग से क्षेत्र की महिलाओं के विकास के लिए प्रभावी एवं सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिससे वे आर्थिक और सामाजिक रूप से अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकें। नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने भी महिलाओं के विकास और उनके हितों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। यह शिष्टाचार मुलाकात क्षेत्र की महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देने तथा उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

