Homeप्रदेशझारखण्ड10 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र, उपायुक्त ने दी...

10 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र, उपायुक्त ने दी शुभकामनाएं

पाकुड़ संवाददाता: झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में आयोजित हुआ नियुक्ति पत्र वितरण सह सम्मान समारोह खेलो झारखंड 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी किया गया सम्मानित। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में नियुक्ति पत्र वितरण-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 10 नव नियुक्त सहायक आचार्यों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। साथ ही, खेलो झारखंड 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने नव नियुक्त सहायक आचार्यों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में आप सभी की पदस्थापना की जा रही है, वहां बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना आपकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पाकुड़ जिले के बच्चे प्रतिभाशाली हैं। उन्हें उचित मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारने की आवश्यकता है। उपायुक्त ने विद्यालयों में संचालित तीन शैक्षणिक मॉड्यूल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मॉड्यूल के माध्यम से शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहल की गई है। सभी नव नियुक्त शिक्षक इनका प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों के सीखने की क्षमता और शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार हो सके।

उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक जागरूकता और बेहतर भविष्य की नींव रखने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। बाल विवाह उन्मूलन के लिए जिले में संचालित प्रोजेक्ट ‘तारा’ का उल्लेख करते हुए उपायुक्त* ने कहा कि इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में विद्यालयों और शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालय ऐसे महत्वपूर्ण केंद्र हैं, जहां बाल विवाह की आशंका वाली बच्चियों की समय रहते पहचान कर उन्हें जागरूक एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने तथा बाल विवाह मुक्त पाकुड़ के संकल्प को साकार करने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि पाकुड़ जिले की बालक एवं बालिका खेल टीमें लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। खिलाड़ियों का उत्साह और खेलों के प्रति उनकी रुचि सराहनीय है। खेलो झारखंड 2026-27 में जिले के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राप्त प्रस्तावों के अनुरूप आवश्यक खेल सामग्री एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षकों, विद्यालयों एवं जिला प्रशासन के सामूहिक प्रयासों से जिले के खिलाड़ियों का प्रदर्शन और बेहतर होगा तथा राज्य स्तर पर जिले की रैंकिंग में भी सुधार आएगा। उपायुक्त ने सभी नव नियुक्त सहायक आचार्यों से शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक चेतना, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों को भी प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वहीं, खेलो झारखंड 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं एडीपीओ समेत अन्य उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular