Homeप्रदेशझारखण्डकिसानों की समृद्धि और बेहतर उत्पादन की दिशा में पहल, लिट्टीपाड़ा में...

किसानों की समृद्धि और बेहतर उत्पादन की दिशा में पहल, लिट्टीपाड़ा में रबी कर्मशाला सह खेत बचाओ अभियान-2026 आयोजित

उपायुक्त ने किसानों से फसल बीमा योजना से अनिवार्य रूप से जुड़ने की अपील की, कहा– सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को बनाएं लाभकारी

पाकुड़ संवाददाता: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा समारोह के अवसर पर शनिवार को पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड में प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला सह खेत बचाओ अभियान-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कर्मशाला के दौरान किसानों को रबी मौसम में मक्का, चना एवं मसूर की खेती, उन्नत कृषि तकनीकों, बेहतर फसल उत्पादन तथा वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर किसानों के बीच मक्का, चना एवं मसूर के बीज वितरित किए गए। वहीं, मिट्टी की गुणवत्ता एवं उर्वरता की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में किसानों को फसल बीमा योजना के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी देते हुए प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि एवं अन्य कारणों से फसल क्षति की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए योजना से जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही किसानों को मिट्टी की जांच के आधार पर संतुलित उर्वरकों का उपयोग करने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी उपज एवं आय में वृद्धि कर सकते हैं। रबी मौसम में बेहतर उत्पादन के लिए कृषि विभाग द्वारा दी जा रही जानकारी एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

किसान इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को खुलकर रखें तथा संबंधित योजनाओं में अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। उपायुक्त ने विशेष रूप से फसल बीमा योजना से सभी पात्र किसानों को जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि किसान भाई फसल बीमा को नजरअंदाज न करें। प्राकृतिक आपदा या मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में फसल बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय- सीमा के भीतर अधिक से अधिक पात्र किसानों को फसल बीमा योजना से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि किसान केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहें, बल्कि आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण एवं कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण की संभावनाओं को भी अपनाएं, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी नवीन तकनीकों, सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular