Homeप्रदेशझारखण्डपत्रकार के डिजिटल मीडिया कार्यालय पर छापेमारी के विरोध में उतरा पत्रकार...

पत्रकार के डिजिटल मीडिया कार्यालय पर छापेमारी के विरोध में उतरा पत्रकार संगठन

पाकुड़ से प्रीतम सिंह यादव की रिपोर्ट : बीते दिनों रांची में पत्रकार अभिषेक भारती के डिजिटल मीडिया कार्यालय पर पुलिस की संयुक्त छापेमारी के विरोध में बुधवार को झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) की पाकुड़ जिला इकाई ने आवाज बुलंद की। संगठन के जिलाध्यक्ष सतनाम सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने समाहरणालय पहुंचकर राज्य के मुख्य सचिव के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पत्रकारों के खिलाफ कथित उत्पीड़नात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार अभिषेक भारती के विरुद्ध सिमडेगा पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद सिमडेगा और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने उनके आवास एवं डिजिटल मीडिया कार्यालय में छापेमारी कर सामान जब्त किया।

संगठन ने इस कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए इसे पत्रकारिता की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर मामला बताया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सतनाम सिंह ने कहा कि संगठन किसी भी आरोपी को न्यायालय द्वारा दोषी साबित किए जाने से पहले दोषी नहीं मानता और न ही मीडिया ट्रायल का समर्थन करता है। लेकिन जांच के नाम पर मीडिया संस्थानों को निशाना बनाना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता के साथ पत्रकारिता की आचार संहिता का पालन भी जरूरी है, लेकिन पत्रकारों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार उचित नहीं है। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार मकसूद आलम ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि राज्य में पत्रकारों की स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है। उन्होंने इसे चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए सरकार से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा पत्रकारों को स्वतंत्र और निर्भीक होकर काम करने का माहौल उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के मो. काजीरुल शेख, प्रीतम सिंह यादव, विजय कुमार, यासीर अराफात, रवि शर्मा, ममता जायसवाल सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular