पाकुड़, संवाददाता। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पाकुड़ के तत्वाधान में शनिवार को पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर में मासिक लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। यह लोक अदालत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मासिक लोक अदालत के माध्यम से आपसी सुलह-समझौते के आधार पर लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का प्रयास किया गया। आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल नौ बेंचों का गठन किया गया था, जहां विभिन्न प्रकृति के मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 45 वादों का निष्पादन किया गया और आपसी सहमति से 6 लाख 14 हजार 500 रुपये की समझौता राशि तय की गई, जिससे वादियों और प्रतिवादियों को समय और खर्च की बचत के साथ राहत मिली। लोक अदालत के सफल आयोजन में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों तथा प्राधिकार से जुड़े सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। इसके साथ ही बड़ी संख्या में वादी, प्रतिवादी और पक्षकार भी अपने मामलों के निस्तारण के लिए न्यायालय परिसर में मौजूद रहे।
[wps_visitor_counter]

