पाकुड़ : रथ यात्रा के पावन अवसर पर नगर थाना के समीप स्थित ऐतिहासिक रथ मेला मैदान में गुरुवार को पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ मेला का शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव, नगर परिषद अध्यक्ष साबरी पाल तथा सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद एसडीपीओ कुमार गौरव ने नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता एवं पुलिस बल के साथ पूरे मेला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मेला समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीपीओ ने मेला समिति को निर्देश दिया कि मेले के सभी प्रमुख स्थानों पर शीघ्र सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही मेले में आए सभी दुकानदारों, झूला संचालकों एवं कर्मचारियों का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर सहित विवरण नगर थाना में उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने प्रत्येक दुकान पर नगर थाना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय तथा जिला कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष साबरी पाल ने शहरवासियों को रथ यात्रा और मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर परिषद की ओर से मेले में साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।मेला प्रबंधक सुजीत सरकार ने बताया कि इस वर्ष मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कई नई एवं आधुनिक मनोरंजन गतिविधियों को शामिल किया गया है।

मेले में जलपरी शो, बड़ी नाव, जादू के कार्यक्रम तथा विभिन्न राज्यों से आए आकर्षक दुकानों की व्यवस्था की गई है, जहां लोग पूरे परिवार के साथ खरीदारी और मनोरंजन का आनंद ले सकते हैं। वहीं अविनाश यादव ने मेले में आने वाले लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने बच्चों एवं सामान की सुरक्षा के प्रति स्वयं सतर्क रहें तथा दोपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या चोरी की घटना से बचा जा सके।

इस मौके पर भाजपा नेत्री प्राची चौधरी, निधि गुप्ता, मधु देवी, रामभक्त सेवा दल के जिला अध्यक्ष रतन भगत, मनोज सिंह, मेला समिति के तन्मय त्रिवेदी, जयंत रजक, विष्णु यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

