रांची डेस्क : झारखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से राज्य के कई जिलों में 16 से 21 मई तक मौसम खराब रहने की संभावना बताई गई है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ कुछ जिलों में लू चलने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 मई को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं गढ़वा और पलामू जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं लू चल सकती है।

17 मई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 17 मई के लिए रांची समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक रांची, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है। वहीं राज्य के बाकी जिलों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। इन इलाकों में बादल छाये रहने, तेज हवा चलने और कहीं-कहीं बारिश व वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

18 मई को भी जारी रहेगा खराब मौसम
18 मई को भी मौसम का असर कम होता नहीं दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रांची, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, चतरा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में तेज आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यहां भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। एक तरफ जहां कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, वहीं दूसरी ओर गढ़वा, पलामू और लातेहार में 16 से 18 मई तक लू चल सकती है। 17 मई को चतरा में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बेवजह बाहर नहीं निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है।

मेदिनीनगर में पांच डिग्री गिरा तापमान
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। गुरुवार को मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन अगले 24 घंटे में तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट आई। शुक्रवार को यहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश और तेज हवा की वजह से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।
