Homeप्रदेशझारखण्डउपायुक्त ने जन समाधान दिवस में सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित एवं...

उपायुक्त ने जन समाधान दिवस में सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

पाकुड़ : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन समाधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।

प्राप्त आवेदनों में सामाजिक बहिष्कार एवं अवैध जुर्माना लगाए जाने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) के अंतर्गत मुआवजा राशि के भुगतान, खलिहान में विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण हुई क्षति के मुआवजे, पाकुड़ नगर परिषद द्वारा वृंदावन मार्केट से तातीपाड़ा तक प्रस्तावित सड़क का शिलान्यास के बाद कार्य रद्द किए जाने, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने सहित अन्य जनहित से संबंधित विभिन्न मामले शामिल थे। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच करते हुए निर्धारित समय- सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही को सुदृढ़ करने का एक प्रभावी मंच है। इस पहल के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं, जिससे उनके मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता एवं गति सुनिश्चित होती है। उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन गंभीरता, संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा उन्हें सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular