पाकुड़ : सेंट्रल नॉर्थ कोल ब्लॉक, आमरापाड़ा के कोयला परिवहन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोल कंपनी के प्रतिनिधियों एवं ट्रांसपोर्टरों के बीच कोयला परिवहन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कोल कंपनी एवं ट्रांसपोर्टर प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि कोयला परिवहन के लिए निर्धारित मार्ग से हटकर किसी अन्य मार्ग पर कोयला लदे अथवा खाली वाहनों का परिचालन नहीं कराया जाए। निर्धारित रूट के बजाय अन्य मार्ग से कोयला लदे वाहनों का परिचालन किए जाने की स्थिति में संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान ट्रांसपोर्टर प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर कोल कंपनी के संबंधित पदाधिकारियों को उनकी समस्याओं का दो माह के अंदर नियमानुसार समाधान करने का निर्देश दिया गया। बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, निर्धारित मार्ग का सख्ती से पालन कराने तथा कोयला परिवहन के दौरान नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सायमन मरांडी, जिला परिवहन पदाधिकारी मो मोजाहिद अंसारी सहित अन्य मौजूद थे।
[wps_visitor_counter]

