पाकुड़ : विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर सीएससी पाकुड़ की ओर से बुधवार को सुबह करीब 9 बजे जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने हिस्सा लिया। रैली नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, कालाजार एवं चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी आम लोगों को दी। लोगों से अपने आसपास गंदा पानी जमा नहीं होने देने, जलजमाव वाले स्थानों की नियमित सफाई करने तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने की अपील की गई।

रैली के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई रखने,मच्छरदानी का उपयोग करने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केके सिंह, डॉ. किस्मतुल्लाह, केटीएस राज किशोर प्रसाद, शांतनु मंडल, राज किशोर कुमार, बीपीएम विनोद वर्मा, फहीम अख्तर (एमपीडब्ल्यू) सहित स्वास्थ्य सहिया एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

