पाकुड़ : प्रीतम सिंह यादव की रिपोर्ट। सिविल सर्जन के निर्देशानुसार पाकुड़ शहरी क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 में शहरी सहिया के चयन को लेकर वार्ड सभा आयोजित की गई। शिवपुरी कॉलोनी में वार्ड पार्षद रूपाली सरकार की अध्यक्षता में हुई इस सभा में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं प्रबंधक उपस्थित रहे। सभा के दौरान शहरी सहिया पद के लिए मनोरमा मंडल ने अपनी दावेदारी पेश की।

वार्ड नंबर 4 की सभी महिला सदस्यों के समर्थन से उनका चयन निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से शहरी सहिया के रूप में किया गया। चयन प्रक्रिया में वार्ड की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। शहरी सहिया की जिम्मेदारी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाने, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने तथा स्वास्थ्य विभाग और आम नागरिकों के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण होती है। मनोरमा मंडल के चयन से वार्ड नंबर 4 में स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर पर और बेहतर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

