पाकुड़ से प्रीतम सिंह यादव की रिपोर्ट : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता–2026 के तहत गोकुलपुर खेल मैदान में पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अपर समाहर्ता श्री जेम्स सुरीन, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी श्री राहुल कुमार एवं विभिन्न पंचायतों के मुखियागण ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया।

प्रतियोगिता के प्रथम दिन कुल 16 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें धनुषपूजा, बरमसिया, गोकुलपुर, श्रीरामपुर, शहरकोल, महादेबपुर, दुर्गापुर, बड़ा मोहलान, कोलाजोड़ा, मांगलापाड़ा, काशीला, पोलाशडांगा, छोटा मोहलान, बलियाडांगा, संतालदीसूम हिरणपुर एवं खपराजोला की टीमें शामिल रहीं।इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, पारंपरिक एवं स्वदेशी खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा जनजातीय युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर खेल भावना, आपसी समन्वय एवं सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ झारखंड की समृद्ध जनजातीय खेल एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

