पाकुड़ : उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DLCC) एवं जिला स्तरीय साख समिति (DCC) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक ऋण योजना, चतुर्थ तिमाही की प्रगति, ऋण-जमा अनुपात (CD Ratio) सहित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड, पीएमईजीपी, पीएमएफएमई, मत्स्य, डेयरी, स्वयं सहायता समूह वित्तपोषण, पीएम स्वनिधि, आरसेटी, एनपीए खातों की स्थिति तथा सीएफएल/ एफएलसी के माध्यम से आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविरों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही नीति आयोग अंतर्गत संचालित पीएमजेडीवाई,पीएमएसबीवाई, पीएमजेजेबीवाई, पीएमएमबीवाई एवं एपीवाई योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु जिले को कुल 1596 करोड़ रुपये का ऋण लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध चतुर्थ तिमाही की समाप्ति तक 1038 करोड़ रुपये की उपलब्धि प्राप्त हुई है। वहीं जिले का सीडी रेशियो 60.42 प्रतिशत दर्ज किया गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री अरविंद कुमार लाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।जिला अग्रणी बैक प्रबंधक ने बताया कि बैंकों में पूर्व से लंबित 141 किसान क्रेडिट कार्ड आवेदनों को लेकर 20 अप्रैल 2026 से 20 मई 2026 तक प्रखंड स्तर पर आयोजित विशेष शिविरों के माध्यम से 256 आवेदनों को स्वीकृत कर किसानों को लाभान्वित किया गया है। उप विकास आयुक्त ने कहा कि पात्र किसानों एवं लाभुकों को समय पर ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन एवं बैंकों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी एवं जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देश दिया कि किसानों के लिए विशेष कैंप आयोजित कर नए आवेदन सृजित किए जाएं तथा किसानों को केसीसी रिपेमेंट के संबंध में जागरूक किया जाए, ताकि उनका खाता एनपीए की श्रेणी में न जाए और वे निरंतर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। इसके अतिरिक्त जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि विभिन्न बैंक शाखाओं में लंबित किसान क्रेडिट कार्ड आवेदनों के निष्पादन की प्रगति का BLBC बैठकों में नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए तथा समयबद्ध कार्रवाई की जाए।बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए श्री अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता श्री जेम्स सुरीन, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री अमित कुमार सिंह, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के सहायक प्रबंधक श्री गौरव कुमार, जिला विकास प्रबंधक श्री प्रेम कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी समेत विभिन्न बैंकों के समन्वय पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

