Homeबड़ी खबरेफर्जी पत्रकारों पर वसूली के आरोप, स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश

फर्जी पत्रकारों पर वसूली के आरोप, स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश

जयसिंहपुरा खोर में मकान तोड़ने की धमकी देकर लाखों रुपये मांगने का आरोप, पुलिस जांच की मांग

जयपुर : जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में कथित फर्जी पत्रकारों द्वारा लोगों को डराने-धमकाने और पैसे की मांग करने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोग माइक आईडी लेकर क्षेत्र में घूमते हैं और खुद को पत्रकार बताकर मकान मालिकों को जेडीए एवं नगर निगम की कार्रवाई का भय दिखाते हैं। आरोप है कि रोहित पब्लिक स्कूल के समीप कुछ लोगों से कथित तौर पर पांच लाख रुपये तक की मांग की गई। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि पैसे नहीं देने पर मकान तुड़वाने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है।बताया गया कि मामले से नाराज स्थानीय लोगों ने कथित पत्रकारों को मौके पर घेर लिया, जिसके बाद वे वहां से चले गए। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी आक्रोश देखा गया।

असली पत्रकारों की साख पर भी सवाल

घटना के बाद पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों के बीच भी यह सवाल उठ रहा है कि कुछ लोगों द्वारा पत्रकारिता की आड़ में कथित वसूली किए जाने से ईमानदारी से काम करने वाले पत्रकारों की छवि प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी मांग उठाई गई है कि यदि जेडीए या नगर निगम के किसी कर्मचारी अथवा अधिकारी की ऐसे लोगों से मिलीभगत सामने आती है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। हालांकि, वसूली, धमकी या किसी सरकारी अधिकारी से मिलीभगत के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पत्रकारिता के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या धमकी पर रोक लगनी चाहिए, ताकि आम लोगों के साथ-साथ निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारों की साख भी सुरक्षित रह सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular