पाकुड़ : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में धनुषपूजा स्थित जिला झामुमो कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर महात्मा गांधी को नमन किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा और समानता के प्रतीक थे।

उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं राजमहल क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव की उपस्थिति में भी गांधी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मुसलोद्दीन शेख, प्रखंड उपाध्यक्ष अजफारुल शेख, सोनू आलम, आलमगीर आलम, सबूर अंसारी, फुरकान शेख, एम.डी. मुबारक हुसैन, बिरू घोष, नगर सचिव नूर आलम, पिंटू, गांधी चौक के बक्कीर, पिंटू गुप्ता, अब्दुल कादिर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

