Homeप्रदेशझारखण्डपत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भाजयुमो का धरना, सरकार...

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भाजयुमो का धरना, सरकार के खिलाफ नारेबाजी

पाकुड़ से विजय कुमार की रिपोर्ट : पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) पाकुड़ की ओर से शनिवार को पाकुड़ कोर्ट के निकट एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। भाजयुमो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित यह धरना जिलाध्यक्ष दीपक साहा के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा व युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की, जिससे कोर्ट परिसर के आसपास गहमागहमी का माहौल बना रहा। धरने को संबोधित करते हुए भाजपा नेता अनुग्राहित प्रसाद साह, अमृत पांडेय, शीलारानी हेम्ब्रम, मिथिलेश ठाकुर, सोहन मंडल, पंकज साह, रतन भगत और विश्वनाथ भगत ने पत्रकार अभिषेक भारती को फर्जी मुकदमे में जेल भेजे जाने की निंदा की तथा उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। वक्ताओं ने मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने के साथ-साथ राज्य में पत्रकारों के खिलाफ हो रही कथित दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सच लिखने और रिपोर्टिंग करने वाली आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान जिला महामंत्री रूपेश भगत ने कहा कि सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग लड़की द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न (पॉक्सो) के गंभीर आरोपों की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती को सिमडेगा पुलिस ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया है।

उन्होंने गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए बिना शर्त रिहाई की मांग की और कानून व्यवस्था व जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि गंभीर आरोपों का सामना कर रहे विधायक खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार को जेल भेजा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय और रिहाई नहीं मिली तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रसन्ना शंकर मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर धन्यवाद ज्ञापन किया और धरने की समाप्ति की घोषणा की। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, सुकुमार साह, आशीष सेन, करण मंडल, पार्थ रक्षित, मोहन मंडल, धर्मेंद्र त्रिवेदी, मनीष राज चौबे, कुणाल गोस्वामी, पवन भगत, मोहन सरकार, दुलाल सिंह और जीतू सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular