पाकुड़ : नगर थाना क्षेत्र में 16 जुलाई को आयोजित ऐतिहासिक रथ मेला के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन, पर्स, नकदी एवं सोने की चेन चोरी करने के कई मामले सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया। प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान मोबाइल चोरी की घटना हुई थी, कई लोग थाना आकर अपना शिकायत दर्ज करवा रहे थे, जिसपर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया जिसपर प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहन सिंह , पिता स्व. कुला सिंह एवं रेखा देवी, पति बंडिला सिंह, दोनों निवासी पांडेसर, डीबीसी मोहल्ला, शिवड़ी, थाना पांडेष्वर, जिला बर्धमान (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनके कब्जे से छह मोबाइल फोन तथा 7,390 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक सन्नी सुप्रभात, मिथुन रजक, अनंत साह, तकनीकी शाखा के सुकदेव साह , सहायक अवर निरीक्षक अरुण ठाकुर, आरक्षी सूरज मुर्मू सहित नगर थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले आयोजनों में अपने मोबाइल, नकदी और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

